इंदौर:बाणगंगा थाना क्षेत्र में मरीमाता इलाके में तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे नाबालिग को चपेट में ले गई। हादसा इतना गंभीर था कि 15 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज गति में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से सीधे बच्चे से जा टकराई। सूचना मिलते ही बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस के अनुसार कार चालक की पहचान विष्णुपुरी निवासी राजू टिन्ना के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय वाहन की रफ्तार कितनी थी और चालक नशे की हालत में तो नहीं था।
