
ब्यावरा। प्रत्येक घर तक नलजल योजनांतर्गत शुद्ध पेयजल आमजन तक पहुंचाने की शासन की मंशा को स्थानीय पेयजल सप्लाई के हालात धत्ता बता रहे है, इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतो की घटना के बाद भी नगर में कुछ जगह पर बेहद दूषित पानी आने का सिलसिला जारी है. बुधवार की दोपहर में एक बार फिर स्थानीय मुक्तिधाम मार्ग क्षेत्र में काफी मटमैला और दुर्गंधयुक्त पानी आने से हर कोई सकते में आ गया. इंदौर में हुई घटना के बावजूद नलों में इस तरह दूषित पानी आने से लोग दहशतजदा है. गौरतलब है कि नगर में राजगढ़ रोड, पंचशील कॉलोनी आदि कुछ क्षेत्रों में काफी समय से दूषित पानी आने का सिलसिला जारी है, इसी बीच इंदौर में दूषित पानी से हुई कुछ लोगों की मौतों ने आमजन और भी चिंतित कर दिया है, बार-बार जिम्मेदारों को अवगत कराने के बाद भी दूषित पानी आना जारी रहने से लोग दहशतजदा है.
मानों नाले से आ रहा पानी
बुधवार की दोपहर बाद राजगढ़ रोड पर वार्ड 4 के तहत मुक्तिधाम मार्ग पर जब पेयजल सप्लाई की गई तो यह देख लोग दंग रह गये कि नलों से पूरी तरह काला मानों नाले-नाली का पानी आ रहा हो, करीब दस मिनिट तक इस तरह का पानी आया.
सोशल मिडिया पर विडियों हुआ वायरल वार्ड 4 में आये दूषित पानी का कई लोगों ने विडियों बनाकर सोशल मिडिया पर अपलोड कर दिया.
अनेक गुप में इस तरह के दूषित पानी का विडियों देख हर कोई दंग रहा गया. उल्लेखनीय है कि इंदौर की घटना के बाद नपा द्वारा राजगढ़ रोड पर श्री राधाकृष्ण मंदिर के सामने नाले के यहा सफाई कराते हुए यहां से जा रहे अवैध नल कनेक्शनों को डिसकनेक्ट करने की बात कहते हुए आश्वस्त किया था कि अब दूषित पानी नहीं आएगा. किंतु बुधवार को एक बार फिर इतना दूषित पानी आना चिंता का विषय है. इसी तरह राजगढ़ रोड पर पंचशील कॉलोनी क्षेत्र में भी काफी समय से पेयजल सप्लाई के दौरान काफी मटमैला व दुर्गंधयुक्त पानी नलों में आ रहा है.
इसकी जानकारी नपा के जिम्मेदारों को कई बार की जा चुकी है.
अहम समस्या की लम्बे समय तक अनदेखी इस समस्या को महीनों होने को है. इतने लम्बे समय तक इस तरह की अहम समस्या के प्रति की जा रही अनदेखी का खामियाजा रहवासियों को उठाना पड़ रहा है. नल चलने के उपरांत काफी समय तक दुर्गंधयुक्त मटमैला पानी आने से मजबूरन उस पानी को सडक़ पर बहाया जाता है. कई बार अनजाने में यह मटमैला पानी बर्तनों में भर जाने से समस्या और बढ़ जाती है. इंदौर की घटना के बाद लोग और दहशतजदा है.
जल्द ही राजगढ़ रोड पर नाले के यहां से गुजर रही पेयजल सप्लाई लाइन को पूरी तरह से चेक करवाकर यहां हो रहे अवैध नल कनेक्शनों को डिसकनेक्ट करने की कार्यवाई करते हुए लाइन को नाले से बाहर ओपन जगह व्यवस्थित करने पर विचार किया जाएगा. उचित कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में इस तरह का पानी नलों में न आये. शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने नपा पूरी तरह गंभीरता के साथ प्रयासरत् है.
इकरार अहमद
मुख्य नगर पालिका अधिकारी
नपा ब्यावरा
