बेरोजगार से ठगी, एफआईआर दर्ज
जबलपुर: जीसीएफ फैक्ट्री में बेरोजगार की नौकरी लगवाने का झांसा देकर जालसाज ने एक लाख छत्तीस रूपए ऐंठ लिए। ओमती पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस के मुताबिक नीलेश कुमार ठाकुर, पिता मुकेश कुमार ठाकुर, 27 वर्ष निवासी बल्दी कोरी की दफाई सिद्धबाबा वार्ड शीतलामाई घमापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अंकित सोनी उसके साथ पेटीएफ मेेंं कार्य करता था जिसने उसे बताया कि उसकी जीसीएफ फैक्ट्री में नौकरी लग गई है।
फैक्ट्री में पोस्ट खाली है तुम अपने दस्तावेज दे दो, मै अंकित रजक से बात करके तुम्हारी भी लगता दूंगा। लेकिन उसमें खर्चा आयेगा, इसके बाद उसे ज्योति टाकीज के पास अंकित सोनी ने उसे अंकित रजक से मिलवाया। अंकित रजक ने आश्वासन दिया कि अंकित सोनी का काम हो गया है, बस ज्वाइनिंग लेटर बाकी है। इसके बाद अंकित रजक कभी मेडिकल कराने, तो कभी किसी फीस के नाम पर उससे रूपए ऐंठता रहा। इसके बाद आनलाइन आवेदन भी किया।
भोपाल बुलाया, परीक्षा नहीं हुई
परीक्षा के लिए पीडि़त को भोपाल भी बुलाया गया लेकिन वहां परीक्षा नहीं हुई इसके बाद अंकित रजक के माध्यम से प्रोसेस को आगे बढ़ाने के लिए 30,000 रूपए लिए गए। इसके बाद ज्वाइनिंग अपडेट कराने, सर्विस बाता खुलवाने के नाम पर भी हजारों रूपए लिए। इस प्रकार अंकित रजक ने नौकरी लगवाने के नाम पर एक लाख छत्तीस हजार रूपये ले लिये। पुलिस ने रिपोर्ट पर अंकित रजक निवासी पुराना शोभापुर थाना रांझी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
