निर्दयी छोड़ गए, ममता हुई कलंकित, प्रकरण दर्ज
जबलपुर:संस्कारधानी में एक बार फिर ममता कलंकित हुई। निर्दयी सात से आठ घंटे की नवजात शिशु बालिका को घमापुर थाना अंतर्गत सिद्धबाबा रोड हनुमान मंदिर के पास खंडहर मकान में छोडक़र चले गए। नवजात रोती बिलखती रही। जब पड़ोसियों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौेके पर पहुंचकर बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही खण्डहर मकान में असुरक्षित छोडने वाले अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
रोने की आवाज सुनकर पहुंचा पड़ोसी
जानकारी के मुताबिक साहिल गुप्ता 25 वर्ष निवासी चुंगी चौकी लालमाटी द्वारका नगर ने पुलिस को बताया कि वह किराना दुकान चलाता है शनिवार को सिद्धबाबा रोड़ हनुमान मंदिर के पास खण्डहर मकान के पास रहने वाला राजेश कनोजिया उसकी दुकान बताया कि सिद्धबाबा वाले खाली पड़े खण्डहर मकान से एक बच्चे के रोने की आवाज आ रही है तो वह राजेश कुमार कनौजिया के साथ मकान में पहुंचा जहां नवजात मिली।
बोरी में लिपटी मिली
दुकान संचालक पड़ोसी के साथ पहुंचा तो देखा बोरी में एक छोटी बच्ची उम्र लगभग 7-8 घण्टे की होगी,जिसे कोई अज्ञात खण्डहर में छोड गया है, बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
खंगाले जा रहे फुटेज
पुलिस रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पतासाजी कर रही है। साथ ही सीसीटीव्ही फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बच्ची को खंडहर में छोडक़र फरार होने वाले की शिनाख्त हो सके।
