
नयी दिल्ली,10 मई (वार्ता) स्वदेशी जागरण मंच (एसजेएम) ने पाकिस्तान पर कड़ी कार्रवाई का स्वागत करते हुए शनिवार को कहा कि यह साहसिक कदम भारतीय लोगों की इच्छाशक्ति और नेतृत्व को दर्शाता है और देश की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सरकार की अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
मंच के राष्ट्रीय सह संयोजक डॉ. अश्विनी महाजन ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद को नीति के एक साधन के रूप में पोषित किया है, जिसके परिणामस्वरूप अनगिनत निर्दोष लोगों की जान चली गई और क्षेत्र में अस्थिरता बनी रही। भारत की जवाबी कार्रवाई एक स्पष्ट और सुस्पष्ट संदेश देती है कि आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जो लोग ऐसी ताकतों को आश्रय और समर्थन देते हैं।
बयान में कहा गया है कि स्वदेशी जागरण मंच सरकार सशस्त्र बलों और भारत के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है। मंच ने सभी नागरिकों से एकता बनाए रखने, सतर्क रहने और अपनी धरती से आतंकवाद को खत्म करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पहल का समर्थन करने की अपील की है।
