
सिंगरौली। एनसीएल जयंत स्थित नेहरू शताब्दी अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं थे, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल सका और मरीज की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों ने चिकित्सक की कथित लापरवाही को मौत का कारण बताते हुए उनके खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई की मांग की। हंगामे की खबर मिलते ही नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता अस्पताल पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर मामले की जानकारी ली।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और मामले की जांच का आश्वासन दिया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी पूरे प्रकरण की आंतरिक जांच किए जाने की बात कही गई है। फिलहाल, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
