शिवपुरी:करैरा विधानसभा में कांग्रेस स्थापना दिवस समारोह के दौरान विवाद हो गया। कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में महापुरुषों की तस्वीरों को पैरों तले रखकर नारेबाजी की। इस घटनाक्रम के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारे गर्म हैं। जिले में ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया गया।
करैरा कस्बे में हाईवे किनारे स्थित कांग्रेस नेता सतीश खटीक के मैरिज गार्डन में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी करते हुए कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और सुभाष चंद्र बोस सहित अन्य महापुरुषों की तस्वीरों को अपने पैरों के नीचे रख लिया। इस कृत्य को महापुरुषों का अपमान बताते हुए लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
इस विवाद पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने कहा कि जिन लोगों के वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं, वे नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष का विरोध कर रहे थे। अग्रवाल के अनुसार, करैरा में कांग्रेस स्थापना दिवस का एक अलग और निर्धारित कार्यक्रम नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा आयोजित किया गया था। वायरल हो रहे वीडियो-तस्वीरों वाले आयोजन की उन्हें कोई आधिकारिक सूचना नहीं थी।
