
सतना। मैहर जिले के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल हर्रई के परिसर में लगभग 15 फीट लंबे अजगर के देखे जाने से स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों में दहशत का माहौल बन गया है। अजगर की सूचना तत्काल रामनगर प्रशासन एवं वन विभाग को दी गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि संबंधित विभागों को कई बार फोन के माध्यम से अवगत कराया गया, इसके बावजूद न तो प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और न ही अजगर को पकड़ने की कार्रवाई हो पाई है। स्कूल परिसर में विद्यार्थियों की नियमित आवाजाही बनी हुई है, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है।
विद्यालय संस्था प्रमुख ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी वरिष्ठ कार्यालय एवं संबंधित प्रशासन की होगी। वहीं स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर अजगर को सुरक्षित पकड़वाने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।