सीहोर। जिले के किसानों के लिए नववर्ष 2026 एक बड़ी सौगात लेकर आ रहा है. खाद के लिए लंबी कतारों में खड़े रहने, धूप-बारिश झेलने और कालाबाजारी का शिकार बनने वाले किसानों को अब राहत मिलने जा रही है. कृषि विभाग ने 1 जनवरी से खाद वितरण के लिए ई-टोकन व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है.
अब किसान अपने घर बैठे ही एमपी किसान ऐप के माध्यम से खाद का ई-टोकन बुक कर सकेंगे. उन्हें केवल अपनी फार्मर रजिस्ट्री और पहचान पत्र से पंजीकरण करना होगा. इसके बाद सिस्टम उनकी भूमि और बोई गई फसल के अनुसार खाद की मात्रा स्वत: निर्धारित करेगा. किसान को मोबाइल पर टोकन मिलेगा और निर्धारित तिथि पर वह बिना किसी धक्का-मुक्की, बिना लाइन में लगे केंद्र से खाद प्राप्त कर सकेगा.
कृषि विभाग के अधिकारी ने बताया कि जिले में लगभग 1 लाख 80 हजार किसान पंजीकृत हैं और पिछले वर्ष 80 हजार मीट्रिक टन खाद का वितरण हुआ था. नई प्रणाली से हर किसान की खाद की मात्रा तय होगी, जिससे कालाबाजारी, भंडारण और अवैध बिक्री पर सख्त अंकुश लगेगा.
