मुरैना: फेसबुक पर प्यार में धोखा खाने के बाद चित्रकूट की एक विधवा महिला अपने प्रेमी की तलाश में मुरैना पहुंच गई। वह स्टेशन रोड थाने के ठीक सामने करीब 2 घंटे तक बेहोश पड़ी रही लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। बाद में लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी, पुलिस पहुंची और महिला को नारी सुधार गृह भेजा गया है। महिला दो बेटियों की मां है। यह वही महिला है, जो सितंबर महीने में भी अपने प्रेमी सचिन पचौरी से शादी करने मुरैना आई थी।
तब सचिन के परिवार वालों ने शादी के लिए हां कहकर उसे एक होटल में रुकवा दिया था और रात में ही पूरे परिवार सहित घर पर ताला लगाकर भाग गए थे। सुबह जब महिला उनके घर पहुंची तो उसे अपने साथ धोखा समझ में आया। एक साल पहले चित्रकूट की रहने वाली 34 वर्षीय विधवा महिला की दोस्ती मुरैना के 21 वर्षीय युवक सचिन पचौरी से फेसबुक पर हुई थी। यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों चित्रकूट और झांसी के होटलों में भी मिले और शादी का वादा कर साथ रहने लगे।
इसके बाद महिला शादी करने मुरैना आई थी। महिला अब दोबारा मुरैना पहुंची है । वह स्टेशन रोड थाने के सामने ही बेसुध होकर गिर पड़ी। उसके हाथ में ड्रिप लगाने वाली सुई लगी थी, जिससे लग रहा था कि वह बीमार है। कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, तब पुलिस पहुंची। पिछले महीने जब महिला ने शिकायत की थी, तब स्टेशन रोड थाना पुलिस ने घटनास्थल झांसी और चित्रकूट का होने के कारण उसे पुलिस सुरक्षा में झांसी पहुंचाया था। सीएसपी दीपाली चंदेरिया के अनुसार प्रेमी पर चित्रकूट और झांसी में केस दर्ज है। महिला को नारी सुधार गृह भेज दिया गया है।
