सतना: सेमरिया से सतना की ओर आ रही एक यात्री बस (एमपी 09 एफए 5707) में गुरुवार दोपहर अचानक धुआं उठने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। बस की बैटरी के ऊपर रखे कपड़ों से भरे बैग से धुआं निकलना शुरू हुआ, जिससे बस में दहशत फैल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्राइवर केबिन के पीछे बैठे यात्रियों ने सबसे पहले बैग से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तुरंत बस स्टाफ को इसकी सूचना दी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोका।
परिचालक और अन्य स्टाफ ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत बैग को बस से बाहर फेंका। इसके बाद बस में उपलब्ध अग्निशमन यंत्र (फायर इक्विपमेंट) की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।बताया गया कि बस में रखा बैग बिहरा कोटर से सतना आ रही दो महिलाओं का था, जो एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। आग लगने से उनकी कई साड़ियां और अन्य कपड़े जल गए, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को शारीरिक चोट नहीं आई।घटना के बाद बस को कुछ देर के लिए रोका गया। स्थिति सामान्य होने पर बस को सतना के लिए दोबारा रवाना कर दिया गया।
