इंदौर: नगर निगम ने लक्ष्मीबाई प्रतिमा से मल्हारगंज के रहवासियों को मास्टर प्लान की सड़क चौड़ीकरण खाने के लिए नोटिस जारी कर दिए हैं. नोटिस में रहवासियों को 15 दिन का समय दिया गया है. नगर निगम द्वारा करीब 7 सौ मीटर लंबी सड़क को 80 फीट चौड़ी बनाने का प्रस्ताव है. नोटिस मिलने के बाद रहवासी धरना प्रदर्शन और विरोध की तैयारी कर रहे हैं.
नगर निगम ने पिछली 22 तारीख को मल्हारगंज जिंसी के रहवासियों को भवन अधिकारी प्रभात तिवारी के डिजिटल हस्ताक्षर से नोटिस जारी कर दिए है. पूर्व में महापौर ने रहवासियों को आश्वस्त किया था कि अभी कोई तोड़फोड़ नहीं की जाएगी. मगर मास्टर प्लान की सड़क चौड़ीकरण को लेकर नगर निगम न नोटिस दे दिए, बल्कि आज आयुक्त दिलीप कुमार यादव ने उक्त सड़क का दौरा भी कर लिया.
नगर निगम अधिकारियों ने मल्हारगंज नेमीनाथ चौराहे से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक 80 फीट चौड़ी सड़क बनाने के निशान लगा दिए थे. इसको लेकर रहवासियों ने विरोध किया था. रहवासी निशान लगाने के विरोध में महापौर पुष्यमित्र भार्गव से एआईसीटीएसएल कार्यालय में मिलने पहुंचे थे. उस समय रहवासियों ने बताया कि 1991 में यह सड़क 40 थी और अब 60 के बाद 80 फीट चौड़ी कर दी गई है.
अभी तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं
उक्त मामले में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि सड़क के लिए नोटिस कानूनी प्रक्रिया है. फिलहाल सड़क को लेकर अभी तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं की जा रही है. रहवासियों के हित में शासन स्तर पर कार्रवाई चल रही है, जल्द ही शासन से सहयोग और सहमति पर निर्णय का पत्र आ जाएगा
