इंदौर:इंदौर से हवाई सेवाओं का ग्राफ लगातार गिरता जा रहा है. पहले उड़ानों के निरस्तीकरण से परेशान यात्री अब सीधी उड़ानें बंद होने का असर झेलने को मजबूर हैं. इसी कड़ी में इंडिगो एयरलाइंस ने इंदौर से हैदराबाद के बीच सुबह संचालित होने वाली फ्लाइट को बंद कर दिया है. इस फैसले से खासतौर पर बिजनेस यात्रियों और कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने वालों को भारी परेशानी हो रही है.
विमानतल सूत्रों के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट 6ई-377/378 रोज सुबह 6.50 बजे हैदराबाद से इंदौर आती थी और 7.25 बजे इंदौर से वापस हैदराबाद रवाना होती थी. कंपनी ने 15 दिसंबर तक इस फ्लाइट का संचालन किया, इसके बाद इसे लगातार निरस्त किया जाने लगा. अब कंपनी ने इस फ्लाइट को अपने सिस्टम से पूरी तरह हटा दिया है. इंदौर-हैदराबाद सेक्टर पर इस फ्लाइट को सर्च करने पर कोई रिजल्ट नहीं आ रहा है. इंडिगो अधिकारियों ने भी उड़ान बंद होने की पुष्टि की है, हालांकि कारणों को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं दिया. बताया जा रहा है कि यह फैसला सरकार द्वारा इंडिगो की उड़ानों में की गई 10 प्रतिशत कटौती के आदेश के तहत लिया है. इससे पहले भी कंपनी इसी आधार पर इंदौर-जोधपुर फ्लाइट बंद कर चुकी है.
पहले से टिकट बुक कराने वाले यात्री परेशान
सुबह की फ्लाइट बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को हो रही है, जिन्होंने पहले से टिकट बुक करा रखे थे. कंपनी द्वारा ऐसे यात्रियों को रिफंड या वैकल्पिक उड़ानों में शिफ्ट करने का विकल्प दिया जा रहा है, लेकिन समय और कनेक्टिविटी को लेकर दिक्कत बनी हुई है. अब इंदौर से हैदराबाद के बीच केवल दो ही उड़ानें बची हैं, जो दोपहर और रात में संचालित होती हैं. सुबह की फ्लाइट बंद होने से दोनों शहरों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं
