भोपाल: स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और गुणवत्तापूर्ण रोगी सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एम्स भोपाल को कायाकल्प प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत ग्रुप ‘बी’ अस्पताल श्रेणी में 2 करोड़ का पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह राशि इस श्रेणी में देश में सर्वाधिक है, जो संस्थान की उच्च स्वच्छता मानकों, पर्यावरणीय प्रबंधन और रोगी-केंद्रित सेवाओं की मजबूत व्यवस्था को दर्शाती है।
कायाकल्प पुरस्कार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत दिया जाता है। वर्ष 2024-25 में देश के चयनित अस्पतालों को कुल 9.57 करोड़ की प्रोत्साहन राशि दी गई।एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) मदानानंद कर्ण ने इस उपलब्धि का श्रेय संस्थान के सभी कर्मचारियों और सहयोगी टीम को देते हुए इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। यह सम्मान रोगियों, कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए सुरक्षित व स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।
