मुंबई, 28 जनवरी (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल), रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल), यस बैंक और रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामलों के सिलसिले में रिलायंस अनिल अंबानी समूह की 1,885 करोड़ रुपये की संपत्ति अस्थायी रूप से अटैच कर ली है।
ईडी के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह अटैचमेंट रोकथाम अधिनियम रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत किया गया है। इन संपत्तियों में बैंक बैलेंस, देनदारियां, अनलिस्टेड कंपनियों में शेयरहोल्डिंग और अचल संपत्तियां शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अटैच की गई संपत्तियों में पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों बीएसईएस यमुना पावर लिमिटेड और बीएसईएस राजधानी पावर लिमिटेड के साथ ही मुंबई मेट्रो वन प्राइवेट लिमिटेड में रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की शेयरहोल्डिंग शामिल है।
ईडी ने वैल्यू कॉर्प फाइनेंस एंड सिक्योरिटीज लिमिटेड के 148 करोड़ रुपये के बैंक बैलेंस और 143 करोड़ रुपये की देनदारियों को भी अटैच किया है।
