
भोपाल। शौर्य स्मारक में राष्ट्रगीत वंदेमातरम के 150वें स्मरणोत्सव के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को स्वदेशी अपनाने और देशी उत्पादों के उपयोग की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदेमातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह देशभक्ति की भावना और स्वाभिमान का प्रतीक है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम में क्रांतिकारियों को ऊर्जा दी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें। समारोह में भारत माता की जयघोष के साथ देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
