
दमोह। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नूरी नगर में शनिवार सुबह गर्भवती गाय की हत्या करने वाले 9 आरोपियों में बाबू उर्फ मजहर, सद्दाम, समीर, सादाब, मुर्सलीन, सग्गू उर्फ सगीर, एजाज आलम, शहीद, मंजूर को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार शाम उन्हें न्यायालय में पेश किया है। इस दौरान पुलिस के द्वारा आरोपियों का जुलूस भी निकाला गया। आरोपी अपराध न करने के नारे लगाते हुए कोतवाली से अस्पताल तक पहुंचे थे।
आपको बता दे शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे नूरी नगर इलाके में आरोपियों के द्वारा एक गर्भवती गाय की हत्या कर दी थी। हिंदूवादी संगठनों के लोगों को जब जानकारी लगी तो उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंचे। वहां से एक और गाय को मुक्त कराया गया। इसके बाद हजारों की संख्या में हिंदू संगठन से जुड़े लोग घंटाघर पहुंचे और शहर का पूरा बाजार बंद करने के बाद प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बड़ी संख्या में पुलिस बल घंटाघर पहुंचा और प्रदर्शन कारियों की मांगे सुनने के बाद उसे हल कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग पुलिस की बात सुनने तैयार नहीं थे।
इसके बाद जो हजारों लोग कसाई मंडी की ओर जाने के लिए निकले तो पुराने थाने पर उन्हें रोका गया।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने हिंदूवादी संगठनों के लोगों की मांगों को सुना और तत्काल ही पुलिस और नगर पालिका को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद शाम को नगर पालिका और कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में करीब 10 आरोपियों के अतिक्रमण गिराए गए। वहीं अवैध रूप से संचालित मीट दुकानों पर भी कार्रवाई करते हुए दुकानों को बंद किया गया और सोमवार दोपहर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें कोतवाली लाया गया और यहां से जुलूस के माध्यम से उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
सीएसपी एचआर पांडे व टीआई मनीष कुमार ने बताया कि आरोपियों पर गौ कसी के अलावा संगठित अपराध की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और करीब तीन आरोपी अभी इस मामले में फरार है। जिनकी तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
