होटल फांदकर भागा दुष्कृत्य का आरोपी

खंडवा। गुजरात से खंडवा तफ्तीश के लिए लाया एक आरोपी फरार हो गया। होटल की खिडक़ी तोडक़र वह भाग निकला। नाबालिक से दुष्कर्म का वह आरोपी है।

मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। आरोपी ने मध्यप्रदेश, गुजरात और राजस्थान में युवती को रखा था। अब कोतवाली पुलिस उसे खोज रही है। युवक के एक हाथ में हथकड़ी भी लगी हुई थी।

कोतवाली से लगी है होटल

आरोपी को पुलिस ने जिस होटल में रखा था, वह शहर की कोतवाली थाने से लगी हुई है। इस घटना से पुलिस प्रशाशन ने हडक़ंप मच गया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई है। फरार आरोपी राजस्थान का रहने वाला है। उस पर गुजरात की एक नाबालिग से अपहरण व दुष्कर्म का आरोप है। घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है।

साक्ष्य जुटाने लाई थी गुजरात पुलिस गुजरात पुलिस

दरअसल सूरत जिले के पूनागांव थाना पुलिस आरोपी पुष्पेंद्र उर्फ सोनू उर्फ दीपू पिता शिवरामसिंह गुर्जर (25) निवासी बाड़ीगांव, जिला धौलपुर (राजस्थान) को साक्ष्य जुटाने के लिए खंडवा लाई थी। पुलिस टीम पुराना बस स्टैंड स्थित त्रिमूर्ति होटल के कमरे नंबर 106 में रुकी थी।

हथकड़ी से तोड़ी खिडक़ी

आरोपी ने लघुशंका का बहाना बनाकर टॉयलेट जाने की अनुमति मांगी। आरोपी के दोनों हाथों में हथकड़ी लगी थी, लेकिन टॉयलेट जाने के कारण एक हाथ की हथकड़ी खोल दी गई, जबकि दूसरा हाथ हथकड़ी सहित खुला था। इसी हथकड़ी की मदद से आरोपी ने टॉयलेट में लगी कांच की खिडक़ी तोड़ दी। उसी रास्ते से बाहर निकलकर फरार हो गया।

गुजरात पुलिस सकते में

घटना के बाद पूनागांव थाना सूरत के पुलिस अधिकारी दिलुभा बोराना ने खंडवा कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार था और पुलिस कस्टडी से फरार हो गया है।

क्या बोली कोतवाली पुलिस

कोतवाली पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीडि़ता को गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर रखा था। खंडवा जिले के एक ग्राम में पीडि़ता को रखने की जानकारी मिलने पर पुलिस आरोपी को मौके पर ले जाने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही वह भाग निकला। फिलहाल खंडवा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में सर्चिंग शुरू कर दी है।

Next Post

एनआरएलएम के कार्यों की गहन समीक्षा, उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश

Fri Dec 26 , 2025
झाबुआ। मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आज झाबुआ जिले में एक दिवसीय जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में उपायुक्त प्रशासन श्रीमती सुधा भार्गव उपस्थित रहीं। बैठक का शुभारंभ एनआरएलएम की स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा आत्मीय स्वागत के साथ किया गया। बैठक […]

You May Like