नयी दिल्ली, 06 सितंबर (वार्ता) देश की अग्रणी वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा ने शनिवार को तत्काल प्रभाव से अपने वाहनों की कीमतों में 1.56 लाख रुपये तक की कटौती की घोषणा की।
वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में 22 सितंबर से वाहनों पर कर कटौती की घोषणा के बाद अपने यात्री वाहनों के दाम घटाने वाली यह तीसरी कंपनी है। इससे पहले टाटा मोटर्स और रेनॉ इंडिया ने 22 सितंबर से कीमतों में कटौती की घोषणा की थी।
महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा की वह आज (06 सितंबर) से ही ग्राहकों को जीएसटी में कटौती का पूरा लाभ देगी।
उसने बताया कि इस कटौती के बाद बोलेरो/ निओ के दाम 1.27 लाख रुपये, एक्सयूवी3एक्सओ (पेट्रोल) के 1.40 लाख रुपये और एक्सयूवी3एक्सओ (डीजल) के दाम 1.56 लाख रुपये तक कम होंगे।
थार 2डब्ल्यूडी और थार 4डब्ल्यूडी की कीमतों में क्रमशः 1.35 लाख रुपये और 1.01 लाख रुपये की कटौती की गयी है।
स्कॉर्पियो क्लासिक अब 1.01 लाख रुपये और स्कॉर्पियो-एन 1.45 लाख रुपये सस्ती हो गयी है। थार रॉक्स की कीमत 1.33 लाख रुपये और एक्सयूवी700 की 1.43 लाख रुपये घट गयी है।

