नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चीनी औसतन 51 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हो गई। चीनी के साथ दालों में भी तेजी रही जबकि चावल के भाव टूट गए। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया।
त्योहारी मांग आने से चीनी में एक बार फिर तेजी आने लगी है। बीते सप्ताह मीठे के बाजार में चीनी का औसत भाव 51 रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 5,151 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। वहीं, गुड़ का भाव तीन रुपये प्रति क्विंटल उतर गया। खुदरा बाजार में भी चीनी में 13 पैसे प्रति क्विंटल की औसत बढ़त रही।
सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 27 रुपये घटकर सप्ताहांत पर 4,124 रुपये प्रति क्विंटल रह गई। पिछले सप्ताह भी इसमें गिरावट रही थी। गेहूं की कीमत 2,886 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रही। आटा भी 3,364 रुपये प्रति क्विंटल पर कमोबेश अपरिवर्तित रहा।
सप्ताह के दौरान तुअर दाल की औसत कीमत 191 रुपये और चना दाल की 102 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। मूंग दाल 43 रुपये और उड़द दाल 42 रुपये महंगी हो गई। मसूर दाल का भाव भी 13 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गया।
बीते सप्ताह मूंगफली तेल औसतन 72 रुपये और वनस्पति 22 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सूरजमुखी तेल में 160 रुपये और पाम ऑयल में आठ रुपये की गिरावट रही। सोया तेल भी दो रुपये फिसल गया। सरसों तेल का भाव लगभग अपरिवर्तित रहा।
