
नयी दिल्ली 04 मई (वार्ता) देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों को लेकर यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दफ्तर में जश्न का माहौल है और यहां पर करीब पांच सौ लोगों के खाने के लिए लजीज व्यंजन बन रहा है। मतगणना के रुझानों के अनुसार भाजपा जहां असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाते दिख रही है, वहीं पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।
पार्टी को मिले जन समर्थन से भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित है और जश्न मनाने की तैयारी में जुट गये हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां के दीन दयाल मार्ग पर स्थित भाजपा मुख्यालय में लगभग 400 से 500 लोगों के लिए भोजन बनाया जा रहा है। नाश्ते में सैंडविच, आलू पूरी, पोहा, जलेबी के साथ फ्रेश फ्रूट्स, लस्सी, रबड़ी और पारंपरिक मिष्टी दोई परोसा जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शाम करीब साढ़े छह बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे और पार्टी को मिली जीत के जश्न में शामिल होंगे। श्री मोदी यहां पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।
वहीं, भाजपा कार्यकर्ता असम और बंगाल में जगह-जगह मिठाइयां बांट कर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा की भारी जीत तय दिख रही है। भाजपा कार्यकर्ता रंग-गुलाल उड़ा रहे हैं और एक-दूजे को बधाई दे रहे हैं।
