
इंदौर। इंदौर की सड़कों पर अब प्रदेश की अब तक की सबसे महंगी लग्जरी कार दौड़ती नजर आएगी. करीब 15 करोड़ रुपए से अधिक कीमत की रोल्स रॉयस कलिनन सीरीज 2 मंगलवार शाम शहर पहुंची. इस कार की मूल कीमत करीब 12 करोड़ रुपए है, जबकि इसे अपनी पसंद के अनुसार तैयार कराने में लगभग 3 करोड़ रुपए अतिरिक्त खर्च किए हैं.
यह कार इंदौर के उद्योगपति कंवर सिंह के बेटों माणिक सिंह और अंकित सिंह ने खरीदी है. माणिक सिंह के अनुसार यह उनकी पसंदीदा कारों में से एक है और इसे पाने के लिए उन्होंने करीब एक साल तक इंतजार किया. कार का गहरा नीला रंग भी खास तौर पर उनकी पसंद के अनुसार तैयार कराया है. माणिक सिंह ने बताया कि यह मॉडल देश के कई बड़े उद्योगपतियों और फिल्मी हस्तियों के पास भी मौजूद है. मुकेश अंबानी और अभिनेता शाहरुख खान के पास भी यही मॉडल है. उन्होंने यह भी बताया कि अनंत अंबानी की यह पसंदीदा कार मानी जाती है और उनके पास इसी मॉडल की कई कारें हैं.
यूके से कार्गो विमान से भारत लाई गई कार
कार को लेकर माणिक सिंह ने बताया कि आमतौर पर ऐसी कारें विदेश से जहाज के जरिए भारत आती हैं, जिसमें काफी समय लग जाता है. लंबा इंतजार न करना पड़े, इसलिए उन्होंने यूके से कार्गो विमान के जरिए इसे भारत मंगवाया. केवल एयर कार्गो पर करीब 30 लाख रुपए का खर्च आया. कार पहले दिल्ली पहुंची, जहां से आगे की प्रक्रिया पूरी की गई.
रजिस्ट्रेशन पर ही खर्च हुए 35 लाख
इस लग्जरी कार के रजिस्ट्रेशन पर भी भारी रकम खर्च की गई है. कार को दिल्ली से मुंबई ले जाकर महाराष्ट्र में रजिस्ट्रेशन कराया गया, जहां टैक्स अपेक्षाकृत कम होने के कारण यह विकल्प चुना गया. रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में करीब 35 लाख रुपए खर्च किए और 0085 नंबर लिया. इसके बाद ट्रॉली के जरिए कार को इंदौर लाया गया.
14 लग्जरी कारों का पहले से है कलेक्शन
माणिक सिंह ने बताया कि उनके पास पहले से ही करीब 14 लग्जरी कारों का कलेक्शन है, जिसमें लेम्बॉर्गिनी, फेरारी, मर्सिडीज, पोर्श, रेंज रोवर और बीएमडब्ल्यू जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं.
अधिकतम गति 250 किलोमीटर प्रति घंटा
रोल्स रॉयस कलिनन सीरीज 2 में 12 सिलेंडर ट्विन टर्बो इंजन दिया गया है, जो करीब 563 हॉर्स पावर की ताकत पैदा करता है. यह कार महज 4.9 सेकंड में 0 से 60 और 5.3 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है. इसकी अधिकतम गति 250 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है.
