थप्पड़ का बदला बना हत्या की वजह, नाबालिग ने दोस्तों संग किया हमला

इंदौर। मामूली विवाद में मारे गए थप्पड़ों का बदला लेने की नीयत ने एक युवक की जान ले ली. आजाद नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर युवक और उसके दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया. घटना के कुछ ही घंटों बाद शहर के एक अन्य थाना क्षेत्र में पति ने पत्नी की हत्या कर दी. एक ही रात में हुई दो हत्याओं से शहर में सनसनी फैल गई.

पुलिस के अनुसार मृतक 23 वर्षीय नीरज गंगाडे, निवासी देवास, इंदौर के नौरंग नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था. तीन दिन पहले आजाद नगर क्षेत्र में कलाली के पास उसका एक नाबालिग से विवाद हो था. उस दौरान नीरज ने नाबालिग को थप्पड़ मार दिए थे. तभी से नाबालिग बदला लेने की फिराक में था और अपने पास चाकू लेकर घूम रहा था. गुरुवार रात नाबालिग अपने दो साथियों कुम्मा और राज के साथ एसआर पेट्रोल पंप के पास जा रहा था. इसी दौरान सामने से नीरज अपने दोस्त रिवेश बघेल के साथ मिल गया. आमना सामना होते ही पहले कहासुनी हुई और फिर नाबालिग ने चाकू से हमला कर दिया. हमले में रिवेश को मामूली चोट आई, जबकि नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया. दोस्तों ने उसे एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के मुताबिक घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नाबालिग को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है. नाबालिग ने पूछताछ में अपने फरार साथियों के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है.

इसी रात लसूड़िया थाना क्षेत्र के निरंजनपुर में भी हत्या की वारदात सामने आई. यहां संगीता चौहान की उसके पति रमेश चौहान ने कथित तौर पर हत्या कर दी. मृतका के बेटे मोहित चौहान ने पुलिस को बताया कि पिता का किसी महिला से संबंध था, जिसका मां विरोध करती थी. इसी बात को लेकर हुए झगड़े में पिता ने मां की हत्या कर दी. गौरतलब है कि शहर में लगातार हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं. दो दिन पहले द्वारकापुरी क्षेत्र में भी एक युवक की हत्या कर दी गई थी. लगातार बढ़ रही वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Next Post

पंचदशनाम जूना अखाड़े के अध्यक्ष को मिली धमकी: नीचे भगवान से मिल लिए, ऊपर अल्लाह से मिलवाएंगे

Fri Dec 26 , 2025
उज्जैन। पंचदशनाम जूना अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सोशल मीडिया व्हाट्सएप पर धमकी का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने महंत को मैसेज में लिखा कि नीचे तो तुम भगवान से मिल लिए ऊपर अब अल्लाह से मिलवाएंगे। तुम्हारी मौत तय है। मामले की शिकायत पुलिस और साइबर […]

You May Like