
उज्जैन। पंचदशनाम जूना अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सोशल मीडिया व्हाट्सएप पर धमकी का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने महंत को मैसेज में लिखा कि नीचे तो तुम भगवान से मिल लिए ऊपर अब अल्लाह से मिलवाएंगे। तुम्हारी मौत तय है। मामले की शिकायत पुलिस और साइबर सेल को दर्ज कराई गई है।
जिस नंबर से मैसेज भेजा गया है उसका पता लगाया जा रहा है।
वाराणसी हनुमान घाट श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े से जुड़े तिल भांडेश्वर महादेव मंदिर के महंत मोहन भारती जूना अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। 24 दिसंबर की शाम उनके मोबाइल नंबर व्हाट्सएप पर उन्हें जान से मारने की धमकी देने का मैसेज मिला। जिसमें लिखा था कि तुम कितने बड़े बाबा हो हिन्दुओं के, तुम जब से जूना अखाड़े के अध्यक्ष बने हो मुसलमानों के लिए बहुत उल्टा-सीधा बोलते हो। हमें पता है तुम आरएसएस बीजेपी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिठू हो, उनके कहने से तुम सब यह कर रहे हो। तुम जब से मध्य प्रदेश उज्जैन क्षेत्र में आए हो, बहुत बोलते हो, हमारी बिरादरी के बारे में तुमने, हमारे बारे में बोलकर अपनी मौत को दावत दी है। एक महीने के अंदर तुम्हारी मौत निश्चित है। तुम जहां भी रहोगे, ढूंढकर मौत के घाट उतार दिए जाओगे। देखते हैं तुम्हें कौन बचाएगा। तुम यह जो शिवरात्रि का प्रोग्राम तराना में हिंदू एकता दिखाने के लिए कर रहे हो, इसको कैंसिल कर दो। वर्ना यह प्रोग्राम देखने लायक नहीं बचोगे। तुम भगवान से बहुत मिल लिए, नीचे रहकर अब ऊपर तुम्हें अल्लाह से मिलवाएंगे। एक महीने में तुम्हारी जिंदगी खत्म।
यह पहली बार नहीं है जब महंत को धमकी दी गई हो। इससे पहले भी उन्हें दो बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। कुछ दिन पहले मंदिर की दान पेटी में एक धमकी भरा पत्र मिला था उसमे भी महंत को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस बार मिली धमकी के बाद महंत मोहन भारती ने तराना थाने सहित साइबर को शिकायत दर्ज कराई है। जिस नम्बर से महंत के मोबाइल पर मैसेज आया है उसका कोड साउथ कोरिया का है।
