शिवपुरी: यादव और गुर्जर समाज ने सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में पुलिस अधीक्षक को संयुक्त ज्ञापन सौंपा। कोतवाली थाने में भी शिकायत दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की गई है। यह टिप्पणी राहुल वैद्य द्वारा की गई है, जिसने स्वयं को दतिया का निवासी बताया है। सोशल मीडिया पर यादव और गुर्जर समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी वाला यह वीडियो वायरल होने के बाद दोनों समाजों में भारी रोष और आक्रोश व्याप्त है।
समाज के पदाधिकारियों ने ऐसी टिप्पणियों को सामाजिक समरसता बिगाड़ने वाला बताया और आरोपी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की। राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति के शहर अध्यक्ष करतार सिंह गुर्जर और अरविंद पाल पामंडी सहित अन्य प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। यादव समाज जिला शिवपुरी की ओर से जिला उपाध्यक्ष श्याम यादव और अन्य पदाधिकारियों ने भी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
