गोहलपुर पुलिस का खेल: लूट बन गई गुमशुदगी!

जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में सरेराह हुई मोबाइल झपट्टामारी की संगीन वारदात को पुलिस द्वारा दबाने और उसे महज मोबाइल गुमने का रूप देते हुए गुमशुदगी की कायमी कर दी गई। पुलिस की टालमटोल से परेशान होकर पीडि़त युवक ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए एक वीडियो जारी किया है। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया है।

न्यू संस्कार परिसर, गोहलपुर के रहने वाले मयंक सोनी पिता नितेन्द्र कुमार सोनी ने बताया कि 23 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वे गोहलपुर चौक रोड पर लेमा गार्डन सरकारी क्वार्टर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक एक्टिवा गाड़ी पर सवार होकर दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने मयंक को संभलने का मौका तक नहीं दिया और झपट्टा मारकर उनके हाथ से कीमती आईफोन छीनकर रफूचक्कर हो गए वारदात के बाद सहमा हुआ पीडि़त युवक तुरंत न्याय की गुहार लगाने गोहलपुर थाने पहुंचा। उसने पुलिस को साफ-साफ बताया कि दो अज्ञात बदमाशों ने गाड़ी से आकर उसका मोबाइल छीना है लेकिन आरोप है कि गोहलपुर पुलिस ने झपट्टामारी की धाराओं में एफआईआर दर्ज करने के बजाय, शिकायत में यह लिखवा दिया कि मोबाइल कहीं गिर गया है और केवल मोबाइल गुमने की साधारण कायमी कर पीडि़त को टरका दिया। थाने से न्याय न मिलता देख पीडि़त ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, यह वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, जब इस पूरे गंभीर मामले को लेकर गोहलपुर थाना प्रभारी रीतेश पांडे से संपर्क साधने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

Next Post

डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने का झांसा देकर 36.3 लाख की ठगी

Sun Nov 1 , 2026
जबलपुर। ओमती थाना अंतर्गत नेपियर टाउन में इलेक्ट्रिक व्हीकल की डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने के नाम पर एक व्यवसायी से 36.3 लाख की धोखाधड़ी की गई। जालसाजों के इस हाई-प्रोफाइल सिंडिकेट ने पीडि़त को ऐसा झांसा दिया कि उसने अपना चलता हुआ कारोबार बंद कर अपनी तीन दुकानें तक तुड़वा दीं थी। […]

You May Like