भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज टीकमगढ़ के दौरे पर रहेंगे। वे मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत उद्योग संवाद में शामिल होंगे। इसके अलावा समाधान ऑनलाइन और सीएम मॉनिटरिंग के प्रकरणों की समीक्षा करेंगे।मुख्यमंत्री जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में भी शामिल होंगे। इस दौरान जिले के विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की जाएगी। डॉ. यादव स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुनेंगे।
उधर, मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर कहा कि यह दिन वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति सामाजिक दायित्व का बोध कराता है। उन्होंने कहा कि परिवार, समाज और देश के विकास में वरिष्ठ नागरिकों के दीर्घ अनुभव और अमूल्य योगदान से भावी पीढ़ियों को मार्गदर्शन मिलता है।
