सिंगरौली:माजन मोड़ स्थित पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप के सामने गैस पाइपलाइन कार्य के दौरान सड़क पर बने जानलेवा गड्ढे को लेकर नवभारत में प्रकाशित खबर का असर सामने आया है। खबर को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित ठेकेदार को गड्ढा भरने के स्पष्ट निर्देश दिए। निर्देश के बाद आज मौके पर सुधार कार्य कराते हुए गड्ढे को भर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया था, जिससे मुख्य मार्ग पर बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया था। इससे वाहन चालकों, विशेषकर रात के समय बाइक सवारों और छोटे वाहनों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यातायात पुलिस ने पहले ही एहतियातन बैरिकेडिंग कर वेरी गेट लगाया था।
स्थानीय लोगों में ठेकेदार की लापरवाही को लेकर आक्रोश था। नवभारत में खबर प्रकाशित होने के बाद निगम आयुक्त के हस्तक्षेप से ठेकेदार ने तुरंत कार्रवाई की, जिससे सड़क पर आवागमन फिर से सुरक्षित हो सका। स्थानीय नागरिकों ने समय पर कार्रवाई के लिए नवभारत और नगर निगम प्रशासन की सराहना की है।
