
ग्वालियर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सहभागिता एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की उपस्थिति में 25 दिसंबर को ग्वालियर के मेला ग्राउंड में अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट का राज्य स्तरीय आयोजन किया जाएगा. यह समिट पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर उनके विकासवादी दृष्टिकोण, सुशासन की अवधारणा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समर्पित रहेगी. इस आयोजन के माध्यम से निवेश को प्रोत्साहन, रोजगार सृजन और मध्यप्रदेश को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। गृह मंत्री के करकमलों से ग्वालियर व्यापार मेला का शुभारंभ भी होगा।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह कल बुधवार, 24 दिसंबर की रात्रि 8.55 बजे वायुसेना के विशेष विमान से महाराजपुरा एयरवेज आएंगे। वे यहां से होटल ताज ऊषाकिरण पैलेस पहुंचेंगे और रात्रिविश्राम यहीं पर करेंगे। दूसरे दिन सुबह 11.25 बजे पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी के कमलसिंह का बाग स्थित पैतृक निवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और यहां से मेला प्रांगण में पहुंचकर अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट में शामिल होंगे। गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 1.50 बजे महाराजपुरा एयरवेज से आगामी कार्यक्रम के लिए प्रस्थित होंगे।
सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और अन्य चुनिंदा नेताओं के साथ अनौपचारिक बैठक कर संगठन और सरकार से जुड़े मुद्दों पर विचार विमर्श भी करेंगे। आईजी अरविन्द सक्सेना और एसएसपी धर्मवीर सिंह ने अफसरों की बैठक लेकर एयरपोर्ट, होटल उषा किरण पैलेस, अटल जी के निवास और मेला मैदान की बीस किलोमीटर एरिया की सुरक्षा व्यवस्था फायनल की। इस 20 किलोमीटर के मार्ग पर 4500 पुलिस के जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे। ये क्षेत्र नो फ्लाई जोन रहेगा।
