
शाजापुर। तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है. कभी तापमान बढ़ रहा है तो कभी कम हो रहा है, जिससे कभी मौसम सर्द हो रहा है तो कभी लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है. वहीं आसमान पर बादलों का भी डेरा लगा हुआ है. लेकिन आज से मौसम में फिर परिवर्तन होगा और तापमान में गिरावट होगी.
हालांकि मंगलवार को नगर का अधिकतम तापमान 28.1 और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया. लेकिन इस दिन छाए घने कोहरे से लोगों को सर्दी का सामना करना पड़ा. सुबह सवेरे सैर पर निकले लोगों को सर्दी ने कंपकंपाया. सुबह करीब 9 बजे बाद कोहरा छंटा तब लोगों को राहत मिली. घना कोहरे से शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दृश्यता काफी कम हो गई. पिछले दो दिनों से आसमान में बादल छाए रहने के बाद मौसम ने अचानक करवट ली. शीतलहर के कारण सुबह के समय कड़ाके की ठंड महसूस की गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार आद्र्रता 38 प्रतिशत रही और उत्तर पूर्वी दिशा से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति से हवा चली.
आज से फिर सर्द होगा मौसम…
मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि 24 की रात से मौसम फिर सर्द होगा और कड़ाके की सर्दी शुरू होने की संभावना है. मौसम का यह हाल 27 दिसंबर तक रहेगा. इसके बाद मौसम में खास परिवर्तन की संभावना नहीं है और लोगों को पूरे सप्ताह सर्दी का सामना करना होगा. मंगलवार को भी करीब 9 बजे कोहरा छंटने के बाद धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली. ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़ों में दिखे और शहर के कई हिस्सों में अलाव जलाए गए.
