समतलीकरण की अनुमति का दुरुपयोग: रोजीवे गांव में अवैध उत्खनन पर शिकंजा, 22 लाख की रॉयल्टी वसूली की तैयारी

भोपाल: हुजूर तहसील के ग्राम रोजीवे में निजी भूमि पर समतलीकरण की अनुमति के दुरुपयोग और कथित अवैध मिट्टी उत्खनन की शिकायतों के बाद खनिज विभाग और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान मौके पर मशीनरी और वाहनों को लेकर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई. मामले में आगे की जांच जारी है.
जानकारी के अनुसार, संबंधित भूमि ग्राम रोजीवे निवासी हरिचरण के नाम दर्ज बताई जा रही है. शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित भूमि पर समतलीकरण की अनुमति मिलने के बाद निर्धारित शर्तों से अधिक मिट्टी का उत्खनन किया गया तथा मिट्टी का व्यावसायिक उपयोग किया गया. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से डंपरों के आवागमन के कारण उन्हें परेशानी हो रही थी. इस संबंध में खनिज विभाग और जिला प्रशासन को शिकायतें भी दी गई थीं. शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संयुक्त निरीक्षण और कार्रवाई की.
खनिज विभाग की अधिकारी रुचि माथुर ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए बकाया रॉयल्टी सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया है. उन्होंने बताया कि लगभग 22 लाख रुपये की रॉयल्टी वसूली से संबंधित प्रक्रिया भी प्रस्तावित की गई है. जबकि अंतिम निर्णय सक्षम प्राधिकारी द्वारा लिया जाएगा.
मामले को लेकर अब कई बिंदुओं की जांच की जा रही है. इनमें समतलीकरण की अनुमति की शर्तों का पालन हुआ या नहीं, स्वीकृत सीमा के अनुरूप ही उत्खनन किया गया या उससे अधिक, तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार भूमि का सीमांकन और तकनीकी परीक्षण होने के बाद ही वास्तविक उत्खनन की मात्रा तथा किसी संभावित राजस्व क्षति का आकलन किया जाएगा.
इस बारे में जिला खनिज अधिकारी एम.एस. रावत का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल पर संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी.

Next Post

भोपाल-नोएडा डायरेक्ट फ्लाइट शुरू, अब और आसान होगा सफर

Thu Jul 2 , 2026
भोपाल: भोपाल से नोएडा (जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र) की यात्रा अब और आसान हो गई है। इंडिगो एयरलाइंस ने 1 जुलाई से भोपाल-नोएडा के बीच अपनी नई सीधी हवाई सेवा शुरू कर दी है। इस नई उड़ान से मध्य प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के बीच हवाई संपर्क को बड़ी मजबूती मिलेगी।पहले […]

You May Like