
शाजापुर, प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदरसिंह परमार की उपस्थिति में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर 2026 के अवसर पर आज शाजापुर जिला मुख्यालय स्थित गांधी हॉल में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ.
मंत्री परमार ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने स्थापना से लेकर अब तक विकास और परिवर्तन की लंबी यात्रा तय की है. मध्यप्रदेश आज कृषि, सिंचाई, सडक़, शिक्षा और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है. मंत्री परमार ने कहा कि मध्य प्रदेश आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ते हुए विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प लेकर कार्य कर रहा है. मंत्री परमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन हुए हैं. पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को सडक़ संपर्क से जोडऩे का कार्य आगे बढ़ा है. शाजापुर जिले में भी गांवों को सडक़ सुविधाओं से जोडऩे के साथ अब मजरे-टोलों तक सडक़ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सिंचाई के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है. नर्मदा परियोजना सहित विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं. मध्यप्रदेश आज गेहूं उत्पादन के क्षेत्र में भी देश में अपनी महत्वपूर्ण पहचान बना चुका है. वर्ष 2047 तक भारत को खाद्यान्न उत्पादन में विश्व का भरण-पोषण करने में सक्षम बनाने के संकल्प में प्रदेश के किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी.
24 प्रतिभागी छात्राओं को 5-5 हजार रुपए
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के दौरान एमजी कॉन्वेंट, सांदीपनि एवं उत्कृष्ट विद्यालय शाजापुर की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक एवं आकर्षक प्रस्तुति दी गई. इस पर विधायक शाजापुर अरुण भीमावद ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाली लगभग 24 प्रतिभागी छात्राओं को अपनी ओर से 5-5 हजार रुपए देने की घोषणा की.
प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की
शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं. साथ ही प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आर्थिक समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. विधायक ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का विकास करना ही मुख्यमंत्री का उद्देश्य है. शाजापुर जिले को उज्जैन और इंदौर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों से जोडऩे के प्रयासों से जिले में भी उद्योगों के लिए संभावनाएं बढ़ी हैं. मक्सी में लगभग 8 हजार करोड़ रुपए के निवेश से उद्योग की शुरुआत तथा जिले में प्रस्तावित नए उद्योग इसके उदाहरण हैं.
