
बैतूल। प्रयागराज महाकुंभ से चर्चा में आई पारधी समुदाय की युवती मोनालिसा को लेकर इन दिनों सियासत तेज हो गई है। नाबालिग मोनालिसा से शादी करने वाले फरहान खान के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। अब इस पूरे मामले में पारधी समुदाय खुलकर सामने आ गया है और उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
पारधी समाज के लोगों का कहना है कि फरहान खान ने एक सीधी-सादी नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर उससे शादी की और उसकी लोकप्रियता का गलत फायदा उठाया। समुदाय ने इस मामले को “लव जिहाद” से जोड़ते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने मोनालिसा की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने की भी अपील की है।
इधर, कुछ सामाजिक संगठनों ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि मोनालिसा को फिल्मी दुनिया में अवसर देने के नाम पर कुछ लोगों द्वारा उसका शोषण करने की कोशिश की गई। विशेष रूप से डायरेक्टर सनोज मिश्रा के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
पारधी समुदाय का कहना है कि मोनालिसा की बढ़ती लोकप्रियता का कुछ लोग गलत तरीके से फायदा उठाना चाहते हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल यह मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
