नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर(वार्ता) पूर्वी दिल्ली में कड़कडडूमा कोर्ट के एक वकील के साथ मारपीट मामले में आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने और सहायक पुलिस आयुक्त (शाहदरा क्षेत्र) मनस्वी वशिष्ठ तथा एसएचओ अरूण कुमार के शाहदरा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को कथित तौर पर पिस्तौल दिखाकर डराने धमकाने और दुर्व्यवहार के विरोध में सातों जिला अदालतों के वकील बुधवार और गुरूवार को भी हड़ताल पर रहेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक अधिवक्ता ललित बंसल के साथ कुछ लाेगों ने मारपीट की थी और उनके सिर में काफी टांके आए थे। जब शाहदरा बार के पदाधिकरियों ने इस मामले को वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया तो उन्होंने मामले में प्राथमिकी तो दर्ज कर ली लेकिन आरोपियों को कथित तौर पर छोड़ दिया।
शाहदरा बार एसोसिएशन का आरोप है कि जब शाहदरा बार के सचिव नरवीर डबास और अन्य लोग थाने में पहुंचे तो सहायक पुलिस आयुक्त मनस्वी वशिष्ठ ने उन्हें पिस्तौल दिखाकर धमकाया। इसके अलावा उन पदाधिकारियों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया। इस घटना के बाद मंगलवार को सभी अदालतों में वकीलाें ने न्यायिक कार्य से अलग रहने का निर्णय लिया। वकीलों ने पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त कार्यालय का घेराव किया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बार एसोसिएशनों की कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष नीरज की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि कमेटी की मांगें पूरी होने तक दिल्ली के सभी जिला अदालतों में वकील न्यायिक कामकाज से अलग रहेंगे। दिल्ली की सभी 7 जिला अदालतों में बुधवार को भी वकीलों की ओर से हड़ताल करने का फैसला लिया गया है।
इसमें कहा गया है कि कल सभी अधिवक्ता अदालती कार्यों से अलग रहेंगे और अपनी अपनी जिला अदालतों के बाहर प्रदर्शन करेंगे। गुरूवार को वकील पटियाला हाऊस काेर्ट के बाहर एकत्र होकर पुलिस मुख्यालय तक मार्च निकालेंगे।
Tue Oct 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर (वार्ता) भारत और लिकटेंस्टाइन ने व्यापार, प्रौद्योगिकी, नवाचार और कौशल विकास में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है। भारत की तीन दिन की यात्रा पर आये लिकटेंस्टाइन के युवराज एलोइस ने मंगलवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की । दोनों नेताओं ने […]