
टीकमगढ़। मंगलवार को नगर पालिका परिषद की बैठक हंगामेदार रही। शुरुआत में ही बंडा नहर के जीर्णोद्धार से संबंधित प्रस्ताव पर भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
भाजपा पार्षद अभिषेक खरे ने आरोप लगाया कि बंडा नहर के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव गिराने का झूठा आरोप पार्षदों पर लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षदों ने तीन बिंदुओं के अलावा शहर विकास से जुड़े अन्य मुद्दों को शामिल कर जल्द परिषद की बैठक बुलाने की बात कही थी।
खरे के अनुसार जानबूझकर बैठक में देरी की गई और प्रस्ताव गिराने का आरोप भाजपा पार्षदों पर मढ़ा गया, जबकि जनहित में सभी भाजपा पार्षद बंडा नहर के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव पारित कराना चाहते हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्षद अनीस खान और भाजपा पार्षदों के बीच काफी देर तक बहस चली। हालांकि, बाद में सभी की सहमति से प्रस्ताव पारित कर दिया गया।
