प्रेम प्रसंग को लेकर युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी, समझाइश के बाद सुरक्षित उतरी

देवास। देवास जिले के सतवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धासड़ में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेम प्रसंग से जुड़े पारिवारिक विवाद के चलते एक युवती गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों में चिंता का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती गांव के ही एक युवक से विवाह करना चाहती थी, लेकिन परिजनों की असहमति के चलते वह मानसिक रूप से परेशान थी। इसी तनाव में आकर युवती टावर पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और युवती को समझाने का प्रयास किया गया। बाद में संबंधित युवक को भी बुलाया गया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद युवती को सुरक्षित रूप से नीचे उतार लिया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 को भी सूचना दी गई थी, हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों की सूझबूझ से स्थिति नियंत्रण में आ गई। गनीमत रही कि इस घटनाक्रम में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और युवती पूरी तरह सुरक्षित है।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और परिजनों को समझाइश दी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Next Post

चालान नहीं, हेलमेट चाहिए, नुक्कड़ नाटक के जरिए यातायात सुरक्षा का संदेश

Mon Dec 22 , 2025
आलीराजपुर। पुलिस अधीक्षक रघुवंशसिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के मार्गदर्शन में सोमवार दिनांक 22 दिसंबर 2025 को जिला मुख्यालय एवं आज़ादनगर क्षेत्र के हाट बाजार में यातायात जागरूकता को लेकर विशेष नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणजनों को यातायात नियमों के प्रति […]

You May Like