
आलीराजपुर। पुलिस अधीक्षक रघुवंशसिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के मार्गदर्शन में सोमवार दिनांक 22 दिसंबर 2025 को जिला मुख्यालय एवं आज़ादनगर क्षेत्र के हाट बाजार में यातायात जागरूकता को लेकर विशेष नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणजनों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाना रहा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्थानीय भाषा, लोकगीत, नृत्य और अभिनय का सहारा लेकर आमजन को सुरक्षित वाहन संचालन, सुगम आवागमन एवं सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सिखाए गए।
इस दौरान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “चालान नहीं, हेलमेट चाहिए” अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को सदैव हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही शासन की हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकार योजना की जानकारी नुक्कड़ नृत्य के माध्यम से दी गई, जिससे आमजन को दुर्घटना पीड़ितों के अधिकारों और सरकारी सहायता के बारे में अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में राहवीर योजना पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि सड़क दुर्घटना होने पर अक्सर लोग घायल की मदद करने के बजाय वीडियो बनाने में व्यस्त हो जाते हैं, जिससे पीड़ित को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती। राहवीर योजना के अंतर्गत दुर्घटना में घायलों को गोल्डन ऑवर में चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
इस जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रघुवंशसिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीओपी अश्विनी कुमार, आरआई इनोद रंधावा, यातायात प्रभारी सुबेदार अर्जुनसिंह वास्केल सहित यातायात स्टाफ एवं कोतवाली स्टाफ उपस्थित रहा।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट व सुरक्षा उपाय अपनाएं तथा दुर्घटना पीड़ितों की सहायता कर मानवता का परिचय दें।
