
भोपाल: बीएचईएल, भोपाल ने गुरुवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 77 आरआर बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत किया, जिन्होंने अपने औद्योगिक प्रशिक्षण के तहत कारखाना परिसर का अध्ययन भ्रमण किया। प्रशासनिक भवन में “महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की औद्योगिक सुरक्षा” विषय पर विशेष सत्र भी आयोजित किया गया।
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टी.यू. सिंह, महाप्रबंधक (एसओएम) राजेश कुमार अग्रवाल तथा अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अरिफ अहमद सिद्धीकी भी उपस्थित थे।
अपने संबोधन में उपाध्याय ने युवा अधिकारियों को राष्ट्रीय सेवा का मार्ग चुनने पर बधाई देते हुए कहा कि बीएचईएल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में न सिर्फ देश में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी प्रतिष्ठित स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि संस्थान अपनी तकनीकी विशेषज्ञता और अनुभव साझा करने में सदैव प्रसन्न रहेगा। उन्होंने अधिकारियों से जनता के साथ अधिक संवाद, कड़ी मेहनत और सामाजिक संरचना की समझ विकसित करने पर जोर दिया, जिसे उन्होंने जनसेवा में सफलता की कुंजी बताया।
सिंह ने अधिकारियों को बीएचईएल भोपाल के औद्योगिक, सांस्कृतिक और सामाजिक योगदानों से अवगत कराया और कहा कि कंपनी ने मध्यप्रदेश, विशेषकर भोपाल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अग्रवाल ने प्रशिक्षुओं को बीएचईएल द्वारा निर्मित उत्पादों और सुविधाओं की जानकारी दी, जिसके बाद वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (सीपीएक्स) मोहित शाह द्वारा प्रस्तुतीकरण दिया गया।
इस दौरे का संयोजन बीएचईएल भोपाल के वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) परितोष कुमार दलेई द्वारा किया गया।
