
मक्सी। बुधवार शाम पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने मक्सी-झोंकर क्षेत्र में स्थापित गणेश पंडालों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गणेश प्रतिमाओं की सुरक्षा, सीसीटीवी व्यवस्था और पुलिस गश्त सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने बताया कि गणेश उत्सव को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में मक्सी थाना क्षेत्र में स्थापित गणेश प्रतिमाओं एवं पंडालों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने आयोजकों को निर्देश दिए कि पंडालों में लगे सीसीटीवी कैमरों से गणेश प्रतिमा एवं आसपास के क्षेत्र को कवर रखा जाए। साथ ही रात्रि एवं दिन की गश्त के दौरान पुलिसकर्मी पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें और वहां तैनात वालंटियरों की भी जानकारी लेते रहें।
उन्होंने कहा कि आयोजकों द्वारा सुरक्षा को लेकर किए गए इंतजामों की भी जानकारी ली गई है। पुलिस स्टाफ को भी पंडालों एवं प्रतिमाओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय, एसडीओपी डॉ. नागेंद्र सिंह, मक्सी थाना प्रभारी मदन इवने, उपनिरीक्षक मनोहर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक अरविंद सिंह तोमर, सूचना संकलन अधिकारी राजेश पटेल,प्रधान आरक्षक रामेश्वर जाटव, होमगार्ड प्रकाश सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न गणेश पंडालों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
