भोपाल:राजधानी के एक चिकित्सालय में एक साथ जन्में 4 बच्चे करीब दो महीने बाद सोमवार को स्वस्थ्य होकर अपने घर गए. कैलाशनाथ काटजू चिकित्सालय में प्रसूता ज्योति ने सभी बच्चों को जन्म दिया था. नोडल अधिकारी डॉ. रचना दुबे ने बताया कि यह डिलीवरी 9 अप्रैल को चिकित्सालय में संपन्न हुई. विवाह के पाँच वर्षों बाद ज्योति गर्भवती हुई थीं. प्रसव प्री-टर्म (समयपूर्व) था और चारों नवजात शिशुओं का वजन अत्यंत कम था. इनमें से एक शिशु का वजन 1 किलोग्राम से भी कम था, जबकि अन्य तीन का वजन लगभग 1 किलोग्राम के आसपास था.
रचना दुबे ने बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद चिकित्सालय की विशेषज्ञ टीम द्वारा सभी शिशुओं को सी-पैप पर रखा गया और सर्फेक्टेंट थेरेपी दी गई, जो सामान्यतः निजी अस्पतालों में अत्यंत महंगी होती है. कैलाशनाथ काटजू चिकित्सालय में यह संपूर्ण चिकित्सा सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई गई. चारों ही नवजातों को लगभग 60 दिनों तक चिकित्सालय में रखकर समुचित देखभाल प्रदान की गई.
