मुलताई। थाना क्षेत्र के ग्राम मासोद निवासी एक व्यापारी पर क्षेत्र के तीन किसानों से पत्ता गोभी की फसल खरीदने के बाद लाखों रुपये का भुगतान नहीं करने का आरोप लगा है। पीड़ित किसानों ने थाने में लिखित आवेदन देकर बकाया राशि दिलाए जाने की मांग की है।
किसानों ताराचंद पिता छोटेलाल बरोदे निवासी ताईखेड़ा, हेमराज पिता मूलचंद धाकड़ एवं जीवनलाल पिता प्यारेलाल घिडौरे द्वारा सौंपे गए आवेदन में बताया गया कि करीब एक वर्ष पूर्व उन्होंने मासोद निवासी सगीर शाह, ताहिर शाह एवं फिरोज शाह को अपने खेत की पत्ता गोभी 9 रुपये प्रति किलो की दर से बेची थी। किसानों के अनुसार कुल लगभग 50 टन पत्ता गोभी व्यापारियों को दी गई थी।
आवेदन में उल्लेख है कि इसके एवज में ताराचंद के 2 लाख 50 हजार रुपये, हेमराज के 1 लाख 50 हजार रुपये तथा जीवनलाल के 40 हजार रुपये अब तक नहीं दिए गए हैं। किसानों का कहना है कि बीते एक साल से वे लगातार भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें टालमटोल कर गुमराह किया जा रहा है।
पीड़ित किसानों ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई कर बकाया राशि दिलाने की मांग की है।
