कोलंबिया फ़ेडरेशन ने कैम्पाज़ को मिली धमकी की जांच की मांग की

बोगोटा, 11 जुलाई (वार्ता) कोलंबियाई फुटबॉल महासंघ (एफसीएफ) ने शुक्रवार को अधिकारियों से मिडफील्डर जैमिंटन कैम्पाज़ को मिली धमकियों की जांच करने का आग्रह किया। यह मांग टीम के विश्व कप से बाहर होने के बाद की गई है। एफसीएफ ने कहा कि उसने अभियोजकों से उन लोगों की पहचान करने और उन पर मुकदमा चलाने को कहा है जो इसके लिए जिम्मेदार हैं। कैम्पाज़ को सोशल मीडिया पर निशाना बनाया गया था क्योंकि मंगलवार को स्विट्जरलैंड के खिलाफ राउंड-ऑफ-16 मैच में एक्स्ट्रा टाइम के दौरान उन्होंने गोल करने का एक मौका गंवा दिया था।

वैंकूवर में मैच बिना किसी गोल के ड्रॉ रहने के बाद स्विट्जरलैंड ने पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से जीत हासिल की थी। एफसीएफ ने कहा, “हम जैमिंटन कैम्पाज़, उनके परिवार, कोलंबियाई राष्ट्रीय टीम के सभी खिलाड़ियों और पूरे प्रतिनिधिमंडल के प्रति अपना पूरा समर्थन और एकजुटता व्यक्त करते हैं।हम अटॉर्नी जनरल के कार्यालय से यह भी अनुरोध करते हैं कि वे इन कृत्यों के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने, उन पर मुकदमा चलाने और उन्हें दंडित करने के लिए तत्काल आवश्यक जांच करें।”
एफसीएफ ने कहा कि वह कैम्पाज़ की “जान और सुरक्षा के लिए मिली धमकियों की कड़ी निंदा करता है” और दोहराया कि कोलंबिया का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी गहरे समर्पण और देश के प्रति प्रेम के साथ ऐसा करते हैं।

गोलकीपर को छकाकर गोल करने का मौका होने के बावजूद, कैम्पाज़ ने एक्स्ट्रा टाइम में क्रॉसबार के ऊपर से शॉट मार दिया। अगर वह गोल कर देते, तो कोलंबिया अंतिम आठ (क्वार्टर फाइनल) में पहुंच जाता। अर्जेंटीना के क्लब रोसारियो सेंट्रल के लिए खेलने वाले 26 वर्षीय खिलाड़ी हार के बाद कोलंबिया नहीं लौटे। सोशल मीडिया पोस्ट में, उन्होंने प्रशंसकों से माफी मांगते हुए अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह दुख में अपना चेहरा ढके हुए थे।

कैम्पाज़ ने कहा, “मुझे गहरा अफसोस है कि मैं आपको वह खुशी नहीं दे सका जिसकी हम सभी को उम्मीद थी, लेकिन मैं चाहता हूं कि आप जानें कि इस जर्सी के प्रति मेरे समर्पण, निष्ठा या प्यार में कभी कोई कमी नहीं रही। मैंने मैदान पर अपना सब कुछ झोंक दिया, और अपने देश के लिए मैं ऐसा हजार बार और करूंगा।” इस घटना ने कोलंबिया के 1994 विश्व कप से बाहर होने की याद दिला दी, जब डिफेंडर आंद्रेस एस्कोबार की मेडेलिन में हत्या कर दी गई थी। यह घटना अमेरिका के खिलाफ ‘ओन गोल’ (अपनी ही टीम के गोलपोस्ट में गोल) करने के कुछ दिनों बाद हुई थी। एफसीएफ ने आगे कहा, “फुटबॉल एकता, सम्मान और उम्मीद की जगह होनी चाहिए, न कि नफरत, डराने-धमकाने या हिंसा का मंच।”

.....

Next Post

गजराज राव ने राजेश रोशन से मुलाकात को बताया यादगार, पश्मीना रोशन के गर्मजोशी भरे व्यवहार के लिए जताया आभार

Sat Jul 11 , 2026
मुंबई, 11 जुलाई (वार्ता)अभिनेता गजराज राव ने हाल ही में दिग्गज संगीतकार राजेश रोशन के साथ बिताई एक खास शाम की यादें सोशल मीडिया पर साझा कीं। इस मुलाकात को उन्होंने अपने लिए बेहद सम्मान और सौभाग्य का पल बताया। वहीं, उन्होंने खास तौर पर पश्मीना रोशन का भी जिक्र […]

You May Like