![]()
रीवा। शहर के चोरहटा थाना अन्तर्गत मैदानी पेट्रोल पम्प के पास बीती रात 9.30 बजे ट्रक चालक पर जानलेवा हमला कर चावल की चोरी की गई. आधा दर्जन की संख्या में आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गये. फिलहाल चोरहटा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. सेमरिया क्षेत्र के पटेहरा बेयर हाउस से एफसीआई का चावल लेकर ट्रक चालक सज्जन साकेत पीटीएस स्थित एफसीआई के गोदाम जा रहा था. जैसे ही वह मैदानी स्थित पेट्रोल पम्प के पास पहुंचा तो नो इंट्री होने के कारण ट्रक को खड़ा कर दिया, इसके बाद खाना खाने लगा. तभी दो की संख्या में पहुंचे आरोपी चावल उतारने लगे. जब ट्रक चालक ने मना किया तो अन्य आरोपी भी पहुंच गये और मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान चालक सज्जन साकेत के सिर पर पत्थर मार दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया. परिचालक ने इसकी सूचना 112 पुलिस को दी, जब तक पुलिस पहुंची तब तक आरोपी फरार हो गये थे. चालक के मुताबिक कई महिलाएं भी बीच बचाव करने पहुंची थी. मौके पर दो बोरी चावल मिला है ट्रक से कितने बोरी चावल चोरी गया यह जांच का विषय है. ट्रक के संचालक अजीत सिंह ने बताया कि उनका ट्रक चालक पटेहरा स्थित ओम इंडस्ट्रीज वेयर हाउस से चावल लोड़ कर एफसीआई के पीटीएस स्थित गोदाम जा रहा था. नो इंट्री के कारण रात 9.30 बजे मैदानी पेट्रोल पम्प के पास ट्रक खड़ा किया जहा यह वारदात हुई. चोरहटा थाने में मामले की शिकायत की गई है, पुलिस जांच कर रही है.
