साउथैम्प्टन, भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज का निर्णायक पांचवां मुकाबला आज साउथैम्प्टन के रोज बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, मैच के दौरान आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो खिलाड़ियों के लिए बिल्कुल अनुकूल है। पिच की बात करें तो यह आमतौर पर संतुलित रहती है, जहां शुरुआत में गेंदबाजों को स्विंग मिलती है, लेकिन खेल बढ़ने के साथ ही यह बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग बन जाती है।
हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद
रोज बाउल स्टेडियम अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की परिस्थितियों के लिए जाना जाता है। इतिहास गवाह है कि यहां टीमें 240 से अधिक का स्कोर भी बना चुकी हैं। भारतीय टीम को यदि सीरीज का समापन जीत के साथ करना है, तो उन्हें अपनी बल्लेबाजी में धैर्य दिखाना होगा। पिच का पुराना होने पर बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है, इसलिए एक उच्च स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा रही है। बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है, जहाँ टॉस जीतने वाली टीम रणनीति के अनुसार फैसला लेगी।
जीत के लिए आंकड़ों की जंग
आंकड़ों के अनुसार, रोज बाउल में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का पलड़ा भारी रहा है। यहाँ खेले गए 13 मुकाबलों में से 9 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम विजयी रही है, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल 4 टीमें जीत पाई हैं। हालांकि, पिच पर शुरुआती स्विंग को देखते हुए कप्तान टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला भी ले सकते हैं। टीम इंडिया न केवल जीत के लिए बल्कि दुनिया की नंबर-1 टीम की अपनी बादशाहत को बरकरार रखने के इरादे से आज मैदान पर उतरेगी।

