
सीधी। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन, रीवा गौरव राजपूत द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र, रीवा हेमंत चौहान के निर्देशन में सीधी पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। थाना कोतवाली पुलिस ने ग्राम विजयपुर में कार्यवाही करते हुए 22 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 20 हजार है, जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को नवरात्रि के मद्देनजर शहर भ्रमण एवं यातायात व्यवस्था ड्यूटी के दौरान कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम विजयपुर निवासी शिवम सिंह उर्फ शिब्बू सिकरवार अपने घर में बिक्री के लिए अवैध गांजा रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों की उपस्थिति में आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में रखे दो बैगों से अलग-अलग पैकेटों में रखा कुल 22 किलोग्राम गांजा, अनुमानित कीमत 2.20 लाख बरामद हुआ। पुलिस ने विधिवत तौल एवं आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के तहत मादक पदार्थ जब्त किया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज, आरोपी गिरफ्तार-
गांजा रखने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर आरोपी शिवम सिंह उर्फ शिब्बू सिकरवार पिता संतोष सिंह सिकरवार, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम विजयपुर, थाना कोतवाली, जिला सीधी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है साथ ही मादक पदार्थ के स्त्रोत का पता लगाया जा रहा है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम एएसआई राजमणि रजक, प्रधान आरक्षक रणबहादुर, बालेन्द्र, सूरज सिंह, ममता , आरक्षक अवधेश कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
