
नीमच। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार उमंग-उच्च शिक्षा हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। महाविद्यालय के क्रीड़ा विभाग एवं यूथ रेड क्रॉस इकाई के तत्वावधान में जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित शिविर में विद्यार्थियों के आभा कार्ड बनाए गए तथा रक्त समूह, रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का स्वागत कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आभा कार्ड के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि यह डिजिटल हेल्थ आईडी भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने में सहायक होगी। इसके माध्यम से मरीजों को जांच रिपोर्ट और उपचार संबंधी दस्तावेज साथ रखने की आवश्यकता नहीं होगी तथा जरूरत पडऩे पर स्वास्थ्य रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी संजीव थोरेचा ने बताया कि शिविर के दौरान 50 नए विद्यार्थियों के आभा कार्ड बनाए गए, जबकि 15 स्टाफ सदस्यों सहित करीब 90 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में रक्त समूह, रक्त शर्करा एवं हीमोग्लोबिन की जांच के साथ विद्यार्थियों को मानसिक एवं सामान्य स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाइयों का भी वितरण किया गया।
शिविर में डॉ. नेहा शर्मा, डॉ. सुनील पाटीदार, डॉ. सुरभि साहू, ललित शर्मा, डॉ. दीपिका पेंढारकर, दिनेश कुमार एवं माणक नागदा ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। वहीं आभा कार्ड बनाने में सुरेश धाकड़, सुमित छावरिया एवं युवराज सिंह ने सहयोग किया।
इस अवसर पर डॉ. सी.पी. पंवार, प्रो. आर.सी. वर्मा, डॉ. यादवेंद्र सिंह सोलंकी, डॉ. नवीन सक्सेना, डॉ. आइरिस रामनानी, डॉ. रेखा साहू, प्रो. कल्याण सिंह वसुनिया, प्रो. विक्रम मेरावत, जतिन शर्मा, नरेंद्र उज्जैनिया, नरेंद्र सेन, शैलेंद्र सिंह, धरम सिंह गुर्जर एवं राधेश्याम साल्वी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन संजीव थोरेचा ने किया।
