
कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी में परिवहन विभाग के कर्मचारियों पर वाहन मालिक से एक लाख रुपये की कथित अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगा है। मामले में आरटीओ कार्यालय के बाहर बैठे एक निजी एजेंट का रुपये गिनते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और लोकायुक्त से कर जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता जयप्रकाश पांडे के मुताबिक, उनका हाईवा वाहन 18 नवंबर को कैमोर-अमेहटा रेल फाटक के पास लोड खड़ा था। इसी दौरान आरटीओ कर्मचारी सुखेंद्र तिवारी और अन्य लोग वहां पहुंचे और वाहन जब्त कर आरटीओ कार्यालय ले आए।
आरोप है कि वाहन छुड़ाने के लिए संपर्क करने पर एक बिचौलिए के माध्यम से एक लाख रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि रकम की व्यवस्था करने के बाद आरटीओ कार्यालय के बाहर बैठे निजी एजेंट के जरिए लेनदेन किया गया।
*90 हजार नकद और 10 हजार ऑनलाइन देने का दावा*
शिकायत में निजी एजेंट जितेंद्र तिवारी और आरटीओ कर्मचारी के बीच कथित फोन बातचीत का भी जिक्र किया गया है। इसमें 90 हजार रुपये नकद और 10 हजार रुपये ऑनलाइन मिलने की बात कहे जाने का दावा है। इसी दौरान निजी एजेंट का नोट गिनते हुए वीडियो भी सामने आया है।
*कलेक्टर, SP और लोकायुक्त से शिकायत*
जयप्रकाश पांडे ने कथित लेनदेन से जुड़े सबूतों के साथ कटनी कलेक्टर, एसपी और लोकायुक्त को लिखित शिकायत भेजी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।
