सरकारी जलाऊ लकड़ी डिपो बना शोपीस! छह महीने से अंतिम संस्कार के लिए भी लकड़ी नहीं

बालाघाट, वारासिवनी तहसील के अंतर्गत रामपायली में जनता की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और आम नागरिकों को राहत देने के दावे करने वाली सरकार की जमीनी हकीकत शासकीय जलाऊ लकड़ी डिपो की बदहाल स्थिति से सामने आ रही है। भगवान श्रीराम के ऐतिहासिक मंदिर के कारण प्रसिद्ध रामपायली नगर में संचालित यह सरकारी दुकान आज अपनी मूल जिम्मेदारी से ही दूर नजर आ रही है। दुकान का बोर्ड तो लगा है, लेकिन अंदर आम नागरिकों के लिए न जलाऊ लकड़ी उपलब्ध है और न ही बांस-बल्लियों की व्यवस्था। नतीजतन जरूरतमंद लोगों को खाली हाथ लौटने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

विडंबना यह है कि सरकारी दुकान होने के बावजूद नागरिकों को अपनी जरूरत की जलाऊ लकड़ी और बांस-बल्लियों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। दुकान के बाहर लगा बोर्ड सरकारी व्यवस्था की मौजूदगी का एहसास जरूर कराता है, लेकिन वास्तविकता में यह दुकान आम जनता के किसी काम नहीं आ रही है।

अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी    

परिवारों की बढ़ती परेशानी इस समस्या का सबसे संवेदनशील पहलू यह है कि जलाऊ लकड़ी की आवश्यकता केवल घरेलू उपयोग तक सीमित नहीं है। किसी परिवार में मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी की तत्काल आवश्यकता पड़ती है। ऐसे कठिन समय में जब परिवार पहले से ही दुख और सदमे में होता है, तब लकड़ी की व्यवस्था के लिए भटकना उसकी परेशानी को और बढ़ा देता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार ऐसी स्थिति बन जाती है कि मृतक के अंतिम संस्कार के लिए भी लकड़ी की व्यवस्था करने में कठिनाई होती है। महंगाई के इस दौर में गैस सहित अन्य ईंधनों के दाम पहले से ही आम आदमी की पहुंच पर असर डाल रहे हैं। ऐसे में सरकारी डिपो में जलाऊ लकड़ी का अभाव लोगों के लिए अतिरिक्त आर्थिक और मानसिक परेशानी का कारण बन रहा है।

ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी शासकीय जलाऊ लकड़ी डिपो में बांस-बल्लियों और लकड़ी का उपलब्ध नहीं होना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। दुकानदारों को अपनी जरूरत की सामग्री के लिए अन्य विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं। यदि छह महीने से अधिक समय से सरकारी डिपो में आपूर्ति नहीं हुई है, तो संबंधित विभाग ने इस समस्या के समाधान के लिए अब तक क्या कदम उठाए, यह भी जांच का विषय है।

विधायक पटेल से भी आश्वासन के बाद नही मिला समाधान 

स्थानीय नागरिकों द्वारा इस गंभीर समस्या से क्षेत्रीय विधायक विवेक पटेल को भी अवगत कराया गया था। लोगों को उम्मीद थी कि जनप्रतिनिधि के हस्तक्षेप से शासकीय जलाऊ लकड़ी डिपो में नियमित आपूर्ति बहाल होगी और आम जनता को राहत मिलेगी। लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार, शिकायत और आश्वासन के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है।

जनता का सवाल है कि जब क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण सरकारी सुविधा महीनों से बंद जैसी स्थिति में है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी है? क्या संबंधित विभाग को इस बात की जानकारी नहीं है कि रामपायली के सरकारी डिपो में लंबे समय से लकड़ी और बांस-बल्लियों का अभाव बना हुआ है ।

जीवित व्यक्ति से लेकर अंतिम संस्कार तक व्यवस्था नाकाम

सरकारी योजनाओं और व्यवस्थाओं की सफलता का वास्तविक पैमाना आम नागरिक को मिलने वाली सुविधा है। रामपायली का जलाऊ लकड़ी डिपो इसी कसौटी पर सवालों के घेरे में है। एक ओर सरकार आम जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर एक ऐसी सरकारी दुकान खाली पड़ी है, जहां से लोगों को जरूरत के समय लकड़ी तक नहीं मिल पा रही है।

स्थानीय नागरिकों की मांग है कि शासन-प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करे। शासकीय जलाऊ लकड़ी डिपो में पर्याप्त मात्रा में जलाऊ लकड़ी, बांस और बल्लियों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही दुकान में कर्मचारियों की तैनाती कर इसे व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को जरूरत के समय भटकना न पड़े।

अब देखना यह है कि जनता की इस जायज मांग पर प्रशासन कब संज्ञान लेता है और रामपायली का यह सरकारी लकड़ी डिपो कब वास्तव में जनता के काम आने वाली व्यवस्था बन पाता है ।

Next Post

अभिभावकों नहीं रहने के बाद बच्चों की शिक्षा का जिम्मा अभी तक जारी है 

Thu Nov 26 , 2026
बागली। कभी-कभी विपदा ऐसी आती है। जिसमें परिवार के मुखिया समय से पहले दुनिया छोड़ जाते हैं । ऐसी त्रासदी के बच्चों एवं परिवार को मदद एवं सहारे की आवश्यकता बेहद जरूरी होती है। ऐसा ही त्रासदी वाली कोरोना घटना विगत चार वर्ष पूर्व पूरे विश्व में आई थी । […]

You May Like