
भोपाल। मानस भवन में शनिवार शाम कृष्ण और गीता विषय पर आधारित कविताओं और रचनात्मक प्रस्तुतियों ने माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। युवाओं ने श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन और गीता के संदेशों को शब्दों और भावों के माध्यम जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में उद्यान्श पांडेय, आराधना मौर्य, माही मोदी और अनुष्का गुप्ता ने कृष्ण और गीता पर आधारित अपनी कविताएं प्रस्तुत कीं। उनकी रचनाओं में कर्मयोग भक्ति और जीवन मूल्यों की स्पष्ट झलक देखने को मिली। सिद्धि सिंघई, आस्था शर्मा और सृष्टि कुमारी की प्रस्तुतियों ने भी श्रोताओं को ध्यान और आत्मचिंतन की ओर प्रेरित किया। सभागार में मौजूद श्रोताओं ने प्रस्तुतियों को सराहा और तालियों से उत्साह बढ़ाया। यह आयोजन मानस भवन में मासिक आध्यात्मिक श्रृंखला के द्वितीय कार्यक्रम के रूप में किया गया। कार्यक्रम का विषय कृष्ण और गीता रहा। आयोजन तुलसी मानस प्रतिष्ठान और साहित्य मंडली के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। गोष्ठी में बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता रही।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तुलसी मानस अनुष्ठान के कार्याध्यक्ष रघुनंदन शर्मा और मानस भवन के संयुक्त सचिव महादेव सिंह डांगी रहे। अतिथियों ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला मार्गदर्शक है। उन्होंने युवाओं से गीता के संदेशों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया। गोष्ठी में साहित्य मंडली के संस्थापक श्रीराम पांडेय, संयोजक शांतनु सिंह और मानस भवन से सीमा नेमा भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन अभिराज मिश्रा ने किया।
