लोकतंत्र को कमजोर कर रही है भाजपा : अभय मिश्रा

भोपाल, 19 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के रीवा जिले की सेमरिया से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर स्थानांतरण नीति में पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि सरकार न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन कर रही है, बल्कि संवैधानिक प्रावधानों और जनप्रतिनिधियों की गरिमा को भी ठेस पहुंचा रही है।
श्री मिश्रा ने यहां संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि रीवा में हाल ही में आयोजित स्थानांतरण नीति की बैठक की जानकारी उन्हें जानबूझकर नहीं दी गई, जबकि अन्य विधायकों और सांसदों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश करार देते हुए कहा कि यह उपेक्षा सेमरिया की जनता का अपमान है। विधायक जनता का प्रतिनिधि होता है, न कि किसी राजनीतिक दल का। ये तानाशाही रवैया लोकतंत्र के लिए खतरा है।
श्री मिश्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की स्थानांतरण नीति पूरी तरह से जाति, वोट बैंक और आर्थिक लेन-देन पर आधारित है। स्थानांतरण के नाम पर बड़े पैमाने पर आर्थिक लेन-देन हो रहे हैं, जो अधिकारी-कर्मचारी सत्ताधारी दल के इशारों पर काम करते हैं, उन्हें महत्वपूर्ण पदों पर बिठाया जा रहा है, जबकि योग्य और निष्पक्ष लोगों को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि वह स्थानांतरण नीति में पारदर्शिता सुनिश्चित करे।

Next Post

कल शौर्य स्मारक तक भारत भक्ति यात्रा, सैनिक परिवार की माताओं का होगा सम्मान

Mon May 19 , 2025
भोपाल। भोपाल की मातृशक्ति कल मंगलवार को महाराणा प्रताप नगर, डीबी मॉल के सामने से शौर्य स्मारक तक शाम 5:30 बजे ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में भारत भक्ति यात्रा निकालकर सेना के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करेगी। जिसमें मुख्य वक्ता के तौर पर सेवानिवृत लेफ्टिनेंट जनरल मानवेंद्र सिंह उपस्थित रहेंगे। […]

You May Like